
बिजनौर (Sansani.in विशेष): बिजनौर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ दीदा नगला गांव में जमीनी विवाद के चलते एक भतीजे ने अपने ही सगे चाचा की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी मेरठ आबकारी विभाग में सिपाही के पद पर तैनात है। हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, लेकिन कुछ ही देर बाद आरोपी सिपाही ने खुद थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।
👉 यह भी पढ़ें
- बिजनौर में ‘स्मार्ट मीटर’ के खिलाफ फूटा गुस्सा: व्यापारियों ने सड़कों पर उतरकर किया जोरदार प्रदर्शन!
- यूपी गन्ना सर्वेक्षण 2026-27: ‘किसान रजिस्ट्री’ के बिना नहीं बिकेगा गन्ना, ऑनलाइन घोषणा-पत्र पर सख्ती!
- एक तरफ जश्न, दूसरी तरफ खौफ! गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण में 2600 बसें, पर बिजनौर के किसान रो रहे?
ट्यूबवेल लगाने को लेकर शुरू हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि मृतक की पहचान 50 वर्षीय इशहाक के रूप में हुई है। मृतक इशहाक के चार भाई थे, जिनमें से दो का निधन हो चुका है।
परिवार में भाइयों और भतीजों के बीच पुश्तैनी जमीन को लेकर लंबे समय से गहरा विवाद चल रहा था। गुरुवार सुबह खेत पर ट्यूबवेल लगवाने को लेकर दोनों पक्षों में तीखी कहासुनी हुई थी।
शाम होते-होते चल गई गोली
सुबह का यह विवाद शांत नहीं हुआ और शाम करीब 4 बजे यह बहस खूनी मारपीट में बदल गई। इसी दौरान तैश में आकर आरोपी भतीजे शाने राजा ने अपने चाचा इशहाक पर फायरिंग कर दी।
गोली लगने से इशहाक गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। घटना को अंजाम देने के बाद सिपाही भतीजा शाने राजा मौके से फरार हो गया, लेकिन बाद में उसने पुलिस के आगे घुटने टेक दिए।
क्या कहती है बिजनौर पुलिस?
घटना की भनक लगते ही पुलिस अधीक्षक (SP) अभिषेक, सीओ सिटी संग्राम सिंह और शहर कोतवाल राम प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
एसपी अभिषेक ने बताया कि गोली लगने के बाद इशहाक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी शाने राजा ने खुद थाने आकर सरेंडर कर दिया है। पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

लेखक के बारे में: अनवर हाशमी चीफ एडिटर, Sansani.in अनवर हाशमी ‘Sansani.in’ और ‘Aavaz.in’ के चीफ एडिटर हैं। एक दशक से अधिक के डिजिटल जर्नलिज्म अनुभव के साथ, अनवर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बिजनौर की हर छोटी-बड़ी क्राइम और जनहित से जुड़ी खबरों को पूरी बेबाकी और प्रामाणिकता के साथ जनता तक पहुंचाते हैं।
